दुनिया के 195 देश कोरोनावायरस की चपेट में आ चुके हैं। 21,297 लोगों की मौत हो चुकी है। 4 लाख 71 हजार 820 संक्रमित हैं। 1 लाख 14 हजार 703 मरीज ठीक भी हुए। भारत के 1.3 अरब, इटली के करीब 6 करोड़ लोग अपने घरों में नजरबंद हैं। फ्रांस इराक में तैनात अपने सभी सैनिकों को वापस बुलाएगा। आर्म्ड फोर्सेस मिनिस्ट्री ने बुधवार को कहा कि कोरोनावायरस के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। उन्होंने कहा कि वह दाएश (इस्लामिक स्टेट ऑफ इराक) के खिलाफ हवाई अभियान जारी रखेगी। यहां 1331 लोगों की जान जा चुकी है।
उधर, हंगरी में एक सीनियर ब्रिटिश राजनयिक स्टीवन डिक की कोरोनोवायरस से मौत हो गई। वे 37 साल के थे। वे बुडापेस्ट में ब्रिटिश दूतावास के मिशन के उप प्रमुख थे। उनकी मंगलवार को मौत हो गई थी। यहां अब तक 465 लोगों की मौत हुई है, जबकि 9640 लोग संक्रमित हैं।
चीन ने मेडिकल सप्लाई के लिए पाकिस्तान को बॉर्डर खोलने को कहा
कोरोनावायरस के बढ़ते मामलों के कारण चीन ने दूसरे देशों के लिए अपनी सीमा बंद कर दी है। यहां संक्रमण का आंकड़ा 1102 हो गया है, जबकि आठ लोगों की मौत हो चुकी है। इसी बीच चीन ने पाकिस्तान से दवाओं की सप्लाई के लिए शुक्रवार को बॉर्डर खोलने के लिए कहा है। डॉन न्यूज रिपोर्ट में कहा गया है कि खंजरब दर्रा आमतौर पर 1 अप्रैल को खोला जाता है, जो उस हिस्से में सर्दियों के अंत का प्रतीक है। लेकिन वैश्विक महामारी के कारण पाकिस्तान और चीन के बीच सीमा को अनिश्चित काल के लिए बंद कर दिया गया है। 1985 के सीमा प्रोटोकॉल समझौते के तहत खंजेरब सीमा नवंबर के अंत से अप्रैल तक बंद रहता है।
अमेरिका में बुधवार को 223 से ज्यादा लोगों की मौत
सीएनएन के मुताबिक, अमेरिका में बुधवार को 223 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। यह देश में एक दिन का सबसे बड़ा आंकड़ा है। मंगलवार को यहां 164 लोगों की जान गई थी। जनवरी में यहां पहला मामला सामने आया था, तब से अब तक 1032 लोगों की मौत हो चुकी है। चार दिन पहले रविवार की सुबह तक देशभर में कुल 326 मौतें हुईं थीं। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने बुधवार को कहा कि हम सोशल डिस्टेंसिंग को लेकर और सख्त कदम उठाएंगे। अमेरिका में 66,048 लोग संक्रमित हैं।
जापान में कोरोना से निपटने के लिए टास्क फोर्स का गठन किया जाएगा
जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने कोरोनोवायरस महामारी से निपटने के लिए टास्क फोर्स गठित करने का आदेश दिया है। देश में संक्रमण का आंकड़ा 1307 हो गया है, जबकि 45 लोगों की मौत हो गई है। जापान कैबिनेट के मुख्य सचिव योशीहिदे सुगा ने गुरुवार को कहा कि टास्क फोर्स का गठन करने के लिए आपातकाल की स्थिति घोषित करने की जरूरत है। बुधवार को सबसे ज्यादा 98 नए मामले सामने आए।
हॉन्गकॉन्ग में बुधवार को 24 नए मामले
हॉन्गकॉन्ग में बुधवार को संक्रमण के 24 नए मामलों की पुष्टि हुई। यहां कुल 410 केस हो चुके हैं। यहां सरकार ने अन्य देशों के साथ सीमाएं बंद कर दी हैं। हालांकि, कम्युनिटी ट्रांसमिशन कम हो रहा है। यहां चार लोगों की मौत हो चुकी है।